यादों की दोपहरी चढ़ आयी द्वारे

September 5, 2021 in गीत

गंध भरे महूबे मन छू गए सकारे
यादों की दोपहरी चढ़ आयी द्वारे

गूँज उठी सुधियों नूतन नमराइयाँ
कूँक रहे कण्ठ आज दर्द की रुबाइयाँ
डूब गए गागर में सागर रतनारे
गंध भरे महूबे मन छू गए सकारे

झूमती हवाओं ने गीत रचे सौरभ के
किरणों ने तार कसे अनुपम सुर सरगम के
ऐसे में पहचाना स्वर कोई पुकारे
गंध भरे महूबे मन छू गए सकारे

शिखर चढ़े यौवन की प्यास बहुत बढ़ गयी
पूनम का कलश लिए चाँदनी उतर गयी
प्राणों ने दर्द पिए लाज के सहारे
गंध भरे महूबे मन छू गए सकारे

गंध भरे महूबे मन छू गए सकारे
यादों की दोपहरी चढ़ आयी द्वारे