Site icon Saavan

हमारा शव जलाया जा रहा है

हमें कितना सताया जा रहा है
हमारा खूं बहाया जा रहा है

लिए फिरता है वो तरकश जुबां में
जिसे गूंगा बताया जा रहा है

मेरी खामोशियां सिसकी में बदली
हमारा मुंह दबाया जा रहा है

बदन की आरजू का भूखा है वो
जिसे सीधा बताया जा रहा है

है गर जिंदा खुदा हमसे मिले फिर
बुतों को क्यों नचाया जा रहा है

नपुंसक हैं हवस के जब पुजारी
भागवत क्यों सुनाया जा रहा है

हमें मर्यादा में रहकर है चलना
हमें ही बेंच खाया जा रहा है

गई थी मायके उम्मीद लेकर
हमें वापस लौटाया जा रहा है

हैं गर मां बाप ही मेरे खुदा तो
उन्हें बहरा बताया जा रहा है

कचहरी तक चली थी पांव नंगे
दलीलों को दबाया जा रहा है

गुनाह उसने किया उसको है माफ़ी
हमें दोषी बताया जा रहा है

जिसे शैतान कहना चाहिए था
उसे स्वामी बताया जा रहा है

हमारे घाव पर मिर्ची लगा कर
हमें ही नोच खाया जा रहा है

चलो अब चैन की सांसें भरूंगी
हमारा शव जलाया जा रहा है ।

Exit mobile version