Site icon Saavan

रख लो ना इसे काम पर

एक छोटे से ढाबे के बाहर
खड़ी होकर वो गुहार कर रही थी,
रख लो ना इसे काम पर,
ग्यारह बरस का हो गया है यह,
माँज लेगा चाय के गिलास,
धो देगा जूठे बर्तन
झाड़ू लगा देगा,
मेज पर कपड़ा मार देगा।
और भी छोटे -छोटे काम कर देगा,
जो कहोगे कर लेगा।
तीस रुपये रोज भी इसे
दे दोगे तो चलेगा,
एक किलो आटा आ जायेगा,
इस ठंड में
पूरे परिवार का पेट भर जायेगा।
रख लो ना इसे,
आपका भला होगा।
एक उसके गोद में
दूसरा ग्यारह बरस के बच्चे की
गोद में था।
ठंड में तन ढकने को
फटे वसन लटक रहे थे,
बोलते बोलते लफ्ज अटक रहे थे।
ढाबे का मालिक
बालश्रम कानून से डर रहा था,
एक गरीब परिवार
रोजगार की गुहार कर रहा था।

Exit mobile version