Site icon Saavan

हम प्रेम को तुम्हारे एक दिन भुला ही देगे

हम प्रेम को तुम्हारे एक दिन भुला ही देगे
आखिर सिसक सिसक कर कब तक भला जियेगे

मैं प्रेम की पुजारन या फिर कोई अभागन
तस्वीर तेरी छू कर बनती हूं मैं सुहागन
मंदिर में मस्जिदों में बस एक तुझको मांगा
तेरी सलामती को गुरुद्वारे धागा बांधा
याचनाएं विफल सब यूं भाग्य मेरे फूटे
ना राम काम आए घनश्याम मेरे छूटे
रहकर के भूखी प्यासी चंदा को अर्घ देकर
तेरी उमर हो लंबी व्रत को किया करेंगे।

हम प्रेम को तुम्हारे एक दिन भुला ही देगे
आखिर सिसक सिसक कर कब तक भला जियेगे।

तुम बांहों में किसी के रहते थे सोए सोए
हमसे भी पूंछ लेते हम कितनी देर रोए
आते थे मुस्कुराते मुझको सुकून बताने
कैसे थी गम छुपाती ये मेरा दिल ही जाने
तेरी नजर को अपनी नजरों से मैं उतारूं
तुम हो फकत हमारे कह कर के मन संभालूं
तेरे फरेब को भी लाचारी कहते हैं हम
तुम हो तो बेवफा ही पर कृष्ण हम कहेंगे।

हम प्रेम को तुम्हारे एक दिन भुला ही देगे
आखिर सिसक सिसक कर कब तक भला जियेगे।

मैं आहुति तुम्हारी तुम संविधा हवन की
तुम पाठ भागवत का मैं बेला आचमन की
ये राज- काज, संपति, ये जोग, भोग सारे
तेरे नयन की चितवन के आगे व्यर्थ सारे
हर्षित हुईं छुअन से कलियां जो थी कुम्हलाई
अंबर बरस पड़ा तो धरती को लाज आई।
इस बार चूक थोड़ी हमसे जो हो गई है
है प्रण यही हमारा अगले जनम मिलेंगे।
अगले जनम तुम्हारा हम ही वरण करेंगे।

Exit mobile version