ऐलान नया हो कोई, उद्घोष नया हो
जज्बे भी नये हों और जोश नया हो
हों राग नये से सभी , तान हो नई
हौसले बुलंद हों, उड़ान हो नई
मिल जाए नयेपन की एक मिसाल आपको
शुभ हो, मुबारक हो नया साल आपको
धरती से मिले धैर्य और अंबर से ऊंचाई
पश्चिम से पूर्व तक दे खुशियां ही दिखाई
उपहार हर जगह से सदा खास ही मिले
उत्तर से भी दक्षिण से भी उल्लास ही मिले
चारों दिशा से कर जाए निहाल आपको
शुभ हो, मुबारक हो नया साल आपको
व्यवहारकुशल हों सदा, गुण के धनी रहें
चेहरे की मुस्कान ये सदा बनी रहे
हर रोज और बड़ा हो ये नाम आपका
दुनिया के दिल पे राज करे काम आपका
किसी चीज का भी न रहे मलाल आपको
शुभ हो, मुबारक हो नया साल आपको
विक्रम कुमार
मनोरा, वैशाली
Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.